भोपाल
भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) इकाई के मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग द्वारा कर्मचारियों और श्रमिकों को सद्भावना स्वरूप मिठाई के पैकेट वितरित किए जाएंगे। इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किया गया। जारी निर्देशों के अनुसार मिठाई के पैकेट सभी नियमित कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं, सीआईएसएफ कर्मियों तथा ठेका श्रमिकों को प्रदान किए जाएंगे। मिठाई के पैकेट के रूप में मेसर्स ग्लोबल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के ‘आकार’ ब्रांड की मिठाई वितरित की जाएगी। मिठाई का वितरण कारखाना मुख्य भंडार से किया जाएगा। नियमित कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं एवं सीआईएसएफ कर्मियों को 2, 3 और 4 अप्रैल 2026 को विभाग अनुसार निर्धारित सूची के आधार पर मिठाई के पैकेट दिए जाएंगे। वहीं ठेका श्रमिकों के लिए वितरण 6, 7 और 8 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट के अंतर्गत कार्यरत ठेका श्रमिकों को मिठाई तभी दी जाएगी, जब उनकी मार्च 2026 माह में कम से कम 12 दिनों की उपस्थिति दर्ज हो और संबंधित कार्यादेश मार्च 2026 माह में वैध हो। ठेकेदार अथवा पर्यवेक्षक को अपने पहचान पत्र के साथ मुख्य भंडार से मिठाई प्राप्त करनी होगी।
इसके अलावा ग्राहकों और जांच एजेंसियों के लिए भी मिठाई के डिब्बों की व्यवस्था की गई है, जिन्हें संबंधित विभागों के माध्यम से वितरित किया जाएगा। आदेश जारी होने के बाद वितरण से संबंधित आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
