भोपाल। राजधानी के मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खौफनाक हादसा हुआ, जिसका रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस (19304) में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक लगभग 25-26 वर्षीय युवक चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के संकरे गैप में फंस गया। महज 14 सेकंड के इस वीडियो में युवक ट्रेन की रफ्तार के साथ चार से पांच बार घूमता हुआ नीचे की ओर खिंचता चला गया। जीआरपी के अनुसार, युवक की हालत बेहद नाजुक है और वह फिलहाल हमीदिया अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक की जेब में रखा मोबाइल फोन पूरी तरह चकनाचूर हो गया है, जिससे उसकी शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल युवक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के समय मौजूद हल्के भाई लोधी नामक व्यक्ति ने बताया कि युवक का एक हाथ टूट चुका है और सिर में गहरी चोटें आई हैं। रात करीब 11:31 बजे हुई इस घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जीआरपी एसपी राहुल लोढ़ा ने बताया कि शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से किसी भी तरह की आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।
मामला पूरी तरह से चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी और लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। ट्रेन उस समय लगभग 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ चुकी थी, जिसके कारण युवक खुद को संभाल नहीं पाया। पुलिस अब युवक के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उसके बयान दर्ज किए जा सकें और परिजनों को सूचित किया जा सके।
