भोपाल। राजधानी भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग और नई दुकान खोलने को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्टेशन बजरिया इलाके में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ, वहीं कोलार के मंदाकिनी चौराहे पर स्थानीय निवासियों और राजनीतिक संगठनों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। स्टेशन बजरिया इलाके में एक खाली प्लॉट पर शराब दुकान खोलने को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर बवाल हुआ।
जानकारी के अनुसार, विजय नगर निवासी सुनील यादव के प्लॉट पर शराब दुकान शिफ्ट करने की योजना थी, जिसका विरोध पड़ोसी भीक्कू (भिक्का) और उनके परिजन कर रहे थे। रविवार रात बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों और तलवारों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस संघर्ष में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। भीक्कू पक्ष का आरोप है कि सुनील यादव, सोनू यादव और उनके साथियों ने जानलेवा हमला किया, वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मंदाकिनी चौराहे पर जैन मंदिर के पास शराब दुकान का विरोध दूसरी ओर, कोलार के मंदाकिनी चौराहे पर जैन मंदिर के पीछे खुली शराब दुकान को हटाने की मांग तेज हो गई है। यहाँ स्थानीय रहवासियों, जैन समाज और कांग्रेस नेताओं ने मिलकर भोपाल कलेक्टर के नाम एडीएम सुमित पांडे को ज्ञापन सौंपा।
