भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीत होम्स कॉलोनी के पास बीटेक छात्र और उसके साथियों पर छुरी से जानलेवा हमला करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल की गई धारदार छुरी भी बरामद कर ली है। यह पूरी कार्रवाई डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह के निर्देशन में गुंडे-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
घटना बीते 7 अप्रैल की रात की है, जब दिव्यांश आर्या और अभिनव राय अपने साथियों के साथ कॉलोनी के गेट के पास खड़े थे। तभी पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी सौरभ ठाकुर उर्फ गोल्डी, रितेश यादव और यश रघुवंशी वहां पहुँचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से छात्रों पर छुरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें धीरज वर्मा और अभिनव राय गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से यश रघुवंशी (23) एमसीए का छात्र है और उस पर पहले भी विदिशा में मारपीट के मामले दर्ज हैं। अन्य दो आरोपी रितेश यादव (21) और सौरभ सिंह ठाकुर (23) बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को उनके संभावित ठिकानों से दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुदील देशमुख और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
