भोपाल। राजधानी के आईएसबीटी बस स्टैंड पर गुरुवार रात परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम ने रात 7:30 बजे से 11 बजे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर बस क्रमांक MP 04 AE 4728 को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
आरटीओ जितेंद्र शर्मा ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जांच के दौरान दो बसों में गंभीर कमियां पाए जाने पर उनकी फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। बस क्रमांक MP 28P 0738 में इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन द्वार) के सामने सीट लगाकर उसे ब्लॉक किया गया था, जो आपात स्थिति में यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। वहीं, एक अन्य बस MP 04 PA 3676 में आग बुझाने वाले उपकरण (फायर एक्सटिंग्विशर) गायब मिले और सीटें भी बेहद खराब स्थिति में थीं।
इसके अलावा, मोटर यान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पांच अन्य बसों पर भी कार्रवाई की गई, जिनसे कुल 1 लाख 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। विभाग की इस औचक कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
