बालोतरा (पचपदरा)। राजस्थान के नए बने जिले बालोतरा में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में सोमवार दोपहर 2 बजे भीषण आग लग गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब रिफाइनरी अपने भव्य उद्घाटन की तैयारी कर रही थी। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया।
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार (21 अप्रैल) को होने वाला प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, आग रिफाइनरी के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) में लगी। इन्हीं यूनिट्स में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से आने वाले कच्चे तेल को फिल्टर किया जाता है। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री मंगलवार को इसी यूनिट का उद्घाटन करने वाले थे। आग लगने के तुरंत बाद रिफाइनरी का ऑटोमैटिक फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय हो गया। मौके पर मौजूद सीआरपीएफ के जवानों और टाटा के इंजीनियर्स ने मोर्चा संभाला।
बालोतरा और आसपास की नगर पालिकाओं से करीब 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 2 से 3 घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर ‘मस्टर पॉइंट’ पर इकट्ठा कर लिया गया।
घटना के बाद प्रदेश में सियासत भी गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे सरकार की लापरवाही करार देते हुए जांच की मांग की है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी की सलामती की प्रार्थना की है। दूसरी ओर, भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तैयारियों का जायजा लेने बालोतरा पहुंच रहे हैं।
