पंजाब। पंजाब की अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच पर मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार देर शाम नीदरलैंड के एक सप्ताह के दौरे पर रवाना हो गए हैं। रविवार, 19 अप्रैल को एम्स्टर्डम पहुँचने पर भारतीय राजदूत कुमार तुहीन ने उनका स्वागत किया। अगले साल होने वाले चुनावों के मद्देनजर इस दौरे को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और मुख्य सचिव केएपी सिन्हा भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री वहां के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्यूटिकल्स और आईटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे। उल्लेखनीय है कि नीदरलैंड भारत के बड़े निवेशकों में से एक है और पंजाब में पहले से ही ‘डी ह्यूस’ और ‘इंडो-डच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ जैसी परियोजनाएं सफल रही हैं।
मुख्यमंत्री मान इससे पहले जर्मनी, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के साथ-साथ मुंबई में भी सफल रोड शो कर चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि मार्च 2026 में हुए ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट’ की गति को बरकरार रखते हुए अधिक से अधिक वैश्विक कंपनियों को पंजाब के औद्योगिक भविष्य के साथ जोड़ा जाए।
