भोपाल। मप्र में सूर्य के तीखे तेवरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश के कई शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिसके चलते अब न केवल दिन बल्कि रातें भी झुलसाने लगी हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भोपाल सहित प्रदेश के 9 जिलों में पहली बार ‘वॉर्म नाइट’ (गर्म रात) का अलर्ट जारी किया है। इसी बीच, मैहर जिले में बढ़ती तपिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने भीषण गर्मी और लू के खतरों को देखते हुए कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर 5वीं तक के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई और केंद्रीय विद्यालयों में 21 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक की छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी, जबकि शिक्षकों को दोपहर 1:30 बजे तक उपस्थित रहना होगा।
पूर्व निर्धारित परीक्षाएं और कार्यक्रम यथावत रहेंगे। बता दें कि मंगलवार को मैहर में तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया, जिसके 42 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति तब बनती है जब दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर हो और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक बना रहे। ऐसी स्थिति में रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलती और वातावरण असामान्य रूप से गर्म रहता है। शरीर को ठंडा होने का समय नहीं मिलने के कारण यह स्वास्थ्य के लिए अधिक चुनौतीपूर्ण साबित होता है।
