भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना अंतर्गत करोंद इलाके में मंगलवार सुबह एक बेखौफ बदमाश ने दिनदहाड़े पुलिस परिवार को निशाना बनाया। आरोपी ने एसएएफ आरक्षक की 65 वर्षीय मां पर पत्थर से जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गया। हमले की क्रूरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने कान से बाली इस कदर खींची कि बुजुर्ग महिला का कान कट गया। गंभीर रूप से घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर की सर्जरी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राजीव मेमोरियल स्कूल के पास रहने वाली शैल कुमारी मिश्रा (65) सुबह घर में अकेली थीं। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच आरोपी अचानक घर में घुसा और महिला का मुंह दबाकर उन्हें अंदर घसीट ले गया। बदमाश उन्हें खींचते हुए पूजा के कमरे में ले गया, जहां हवन के लिए रखे भारी पत्थर (ब्लॉक) से उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए। वृद्धा के बेसुध होते ही आरोपी उनके गले की चेन और कान की बालियां नोचकर चंपत हो गया। निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि पीड़िता के पति देवेंद्र मिश्रा पुलिस विभाग में एएसआई थे, जिनका निधन 2014 में हो चुका है। उनके बेटे काशीनाथ मिश्रा वर्तमान में एसएएफ (SAF) में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। घटना के समय बेटा ड्यूटी पर था और मां घर में अकेली थीं।
वारदात के बाद घायल महिला का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे खून से लथपथ हालत में मदद की गुहार लगाती दिख रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार महिला की आंख, सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संदेह जताया जा रहा है कि आरोपी आसपास काम करने वाला कोई मजदूर हो सकता है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।
