कोच्चि/भोपाल। प्रयागराज महाकुंभ से सुर्खियों में आई ‘वायरल गर्ल’ का मामला एक बार फिर गरमा गया है। मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम जब पूछताछ के लिए केरल के कोच्चि पहुंची, तो वायरल गर्ल के पति फरमान खान ने नया दावा पेश कर सबको चौंका दिया। फरमान ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती (प्रेग्नेंट) है और डॉक्टरों ने उसे पूर्ण रूप से ‘बेड रेस्ट’ की सलाह दी है, इसलिए वह न तो यात्रा कर सकती है और न ही बयान दर्ज कराने पुलिस के सामने पेश हो सकती है।
इस मामले में सबसे बड़ा विवाद युवती की उम्र को लेकर है। जांच टीम को युवती के जन्मतिथि के दो अलग-अलग प्रमाण पत्र मिले हैं। महेश्वर नगर परिषद के रिकॉर्ड और सरकारी अस्पताल के दस्तावेजों के अनुसार, युवती का जन्म 30 दिसंबर 2009 को हुआ था। इस आधार पर 11 मार्च 2026 को शादी के समय उसकी उम्र महज 16 साल, 2 महीने और 12 दिन थी। इसी आधार पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की रिपोर्ट के बाद फरमान खान के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वायरल गर्ल की प्रेग्नेंसी के दावे पर फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्य प्रदेश पुलिस केरल में असहाय नजर आ रही है क्योंकि वकीलों के एक शातिर नेटवर्क ने पहले ही फरमान की अग्रिम जमानत (20 मई तक रोक) का इंतजाम कर रखा है। उन्होंने इसे व्यवस्था का मजाक बताते हुए कहा कि ‘जिहादी नेटवर्क’ के सामने सिस्टम फेल हो रहा है। उन्होंने अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के दौरान झेली गई प्रताड़ना का भी जिक्र किया।
इससे पहले वायरल गर्ल ने केरल पुलिस को दिए अपने बयान में अपने ही माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने कहा था कि परिजन उसे उसके ही चचेरे भाई से शादी करने के लिए मजबूर कर रहे थे, जिसके विरोध में उसने फरमान के साथ मंदिर में शादी की। दूसरी ओर, उसकी माँ का कहना है कि वे अनपढ़ हैं और उज्जैन में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनसे कागजों पर अंगूठा लगवाकर फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट बनवाया था। फिलहाल पुलिस प्रेग्नेंसी के दावों की पुष्टि के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट की मांग कर सकती है।
