सीहोर। स्थानीय यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा के प्रयासों के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीहोर रेलवे स्टेशन पर इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22191/22192) के ठहराव को जल्द मंजूरी देने का आश्वासन दिया है। सांसद शर्मा ने हाल ही में नई दिल्ली में रेल मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की बढ़ती रेल आवश्यकताओं और यात्रियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया था।
सीहोर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कुबेरेश्वर धाम जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्र होने के कारण यहाँ प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन होता है, जिन्हें इस सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही, सीहोर में बढ़ती शैक्षणिक और व्यापारिक गतिविधियों के कारण भी परिवहन की मांग निरंतर बढ़ रही है।
रेल मंत्री द्वारा दी गई इस सौगात से न केवल स्थानीय नागरिकों का सफर आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने सांसद की इस सफल पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है।
