रायसेन। मप्र में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। रायसेन जिले के नयापुरा निवासी एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को बदमाशों ने न केवल अगवा कर बेरहमी से पीटा, बल्कि अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उन्हें शराब की बोतल में भरकर जबरन पेशाब पिलाई। इस पूरी वारदात का वीडियो बनाकर आरोपियों ने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक प्रेम प्रसंग है। बीते 5 मार्च को बुजुर्ग का बेटा विदिशा जिले के शमशाबाद की एक नाबालिग लड़की को भगाकर ले गया था, जिस पर शमशाबाद थाने में मामला दर्ज था। इसी का बदला लेने के लिए लड़की पक्ष के करीब 12 लोग दो गाड़ियों में सवार होकर 7 मार्च को रायसेन पहुंचे। आरोपियों ने पहले बुजुर्ग के घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की, फिर लड़की की तलाश में मदद करने के बहाने बुजुर्ग को जबरन कार में बैठाकर साथ ले गए। आरोपी बुजुर्ग को राजगढ़ जिले के मोतीपुरा और ब्यावरा के पास ले गए। जब वहां लड़की का सुराग नहीं मिला, तो गुस्साए आरोपियों ने बुजुर्ग को बंधक बनाकर पीटा। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक आरोपी शराब की बोतल में पेशाब भरकर बुजुर्ग को जबरन पिला रहा है और विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित ने धूलजी, मलखान और शामा सहित अन्य लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम पीड़ित के घर पहुंची और बयान दर्ज किए। मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को सलामतपुर से हिरासत में लेकर राजगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले युवक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस क्रूर कृत्य में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
