भागलपुर। बिहार के भागलपुर में स्थित 4.7 किलोमीटर लंबे विक्रमशिला सेतु का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 34 मीटर लंबा स्लैब गंगा नदी में गिर गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
ट्रैफिक रोके जाने से टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने पहले ही एहतियात के तौर पर पुल पर यातायात रोक दिया था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
16 जिलों की कनेक्टिविटी प्रभावित
इस घटना का असर सीमांचल क्षेत्र समेत लगभग 16 जिलों पर पड़ा है। जानकारी के अनुसार, इस पुल के जरिए रोजाना करीब 1 लाख लोग आवागमन करते थे, जो अब पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
पहले भी कई बार हो चुकी मरम्मत
पिछले 10 वर्षों में इस पुल की तीन बार मरम्मत की जा चुकी है। हाल ही में मार्च 2026 में भी रिपेयरिंग का काम किया गया था। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने निर्माण और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के आदेश, इंजीनियर सस्पेंड
लापरवाही के आरोप में पथ निर्माण विभाग ने एक्जीक्यूटिव इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सरकार ने लिया संज्ञान
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारियों के अनुसार, समय रहते प्रशासन की सतर्कता से बड़ा नुकसान टल गया। मुख्यमंत्री स्तर पर भी इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
आर्मी की मदद लेने की तैयारी
पुल की मरम्मत के लिए सेना की मदद लेने की भी संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग और परिवहन की व्यवस्था की जा रही है।
