हरिद्वार। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) हरिद्वार में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और भाषाई दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच दिवसीय “संक्षिप्त अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में हरिद्वार प्रभाग के लगभग 25 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को अनुवाद की आधुनिक व सटीक तकनीकों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाप्रबंधक (एफबीएम एवं डब्ल्यूटी) अमित कुमार शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।
उन्होंने कर्मचारियों से इस प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में अधिक से अधिक तकनीकी साहित्य का हिंदी में अनुवाद होना बेहद आवश्यक है। वहीं, समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) पार्थ सारथी गौडा ने सभी कर्मचारियों को अपने दैनिक शासकीय कार्यों को अधिक से अधिक हिंदी में करने के लिए प्रेरित किया। पांच दिनों तक चले इस प्रशिक्षण सत्र में केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो के अनुभवी संकाय सदस्यों—संयुक्त निदेशक नरेश कुमार, सहायक निदेशक डॉ. गौतम शर्मा और डॉ. आशुतोष ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान वन-कर्मियों और अधिकारियों को राजभाषा नीति, मानक अनुवाद प्रक्रिया तथा प्रशासनिक शब्दावली के साथ-साथ वर्तमान परिदृश्य में अनुवाद के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग की विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी दी गई।
