भोपाल। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल ‘श्री दादाजी धाम मंदिर’ में पावन पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आज रविवार को एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा श्री हनुमान चालीसा एवं श्री गुरु गीता का सामूहिक पाठ किया जाएगा। यह गरिमामयी आयोजन श्री अंबिका आश्रम बालीपुर धाम के भोपाल स्थित अनुयायियों एवं दादाजी धाम मंदिर समिति के श्रद्धालु भक्तों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का समय प्रातः 09:00 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु एकत्र होकर सामूहिक रूप से पाठ कर धर्मलाभ अर्जित करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पुरुषोत्तम मास (मलमास) भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित अत्यंत पुण्यदायी और कल्याणकारी माना गया है। इस पावन काल में किए जाने वाले जप-तप का अनंत गुना फल मिलता है।
आयोजकों ने बताया कि इस समय में श्री हनुमान चालीसा का श्रद्धापूर्वक पाठ करने से सभी प्रकार के भय, संकट और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है तथा जीवन में साहस, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। वहीं, श्री गुरु गीता का पाठ व्यक्ति को अज्ञान रूपी अंधकार से निकालकर ज्ञान, सत्य और मोक्ष का मार्ग दिखाता है, जिससे जीवन में शांति, सद्बुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होती है। श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) भोपाल के अध्यक्ष श्री शिवरतन नामदेव एवं मंदिर समिति से जुड़े अन्य भक्तों ने राजधानी के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित मंदिर परिसर में उपस्थित होकर इस सामूहिक पाठ, सत्संग एवं गुरु भक्ति के दिव्य और पुण्यदायी अवसर का लाभ उठाएं।
