रायसेन। कांग्रेस संगठन में मजबूती लाने और क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से शीर्ष नेतृत्व द्वारा नई नियुक्तियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश लघु फुटकर व्यवसाय प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भैया राजेश अहिरवार को रायसेन जिला कांग्रेस का नया महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी इस संगठनात्मक नियुक्ति से सांची विधानसभा सहित पूरे रायसेन जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में हर्ष की लहर है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि राजेश अहिरवार के लंबे संगठनात्मक अनुभव का लाभ आगामी समय में जिला कांग्रेस को मिलेगा और जमीनी स्तर पर पार्टी और अधिक मजबूत होगी। उनकी नियुक्ति पर सांची विधानसभा क्षेत्र की ‘राजेश कुमार अहिरवार मित्र मंडली’ सहित तमाम स्थानीय वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने उन्हें बधाई प्रेषित की है। समर्थकों ने उम्मीद जताई है कि वे संगठन के सिद्धांतों पर चलते हुए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
