भोपाल। राजधानी भोपाल के परवलिया और कजलीखेड़ा थाना इलाकों में बीते चौबीस घंटों के दौरान दो बेहद दर्दनाक हादसे सामने आए हैं। पहले हादसे में जहाँ दोस्त की जन्मदिन पार्टी मनाने गए 18 वर्षीय एक छात्र की स्विमिंग पूल में डूबने से संदिग्ध मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में बेटी के पगफेरे की रस्म में शामिल होने भोपाल आए एक बुजुर्ग की बालकनी से नीचे गिर जाने के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना: वाटर पार्क के स्विमिंग पूल में बेसुध मिला छात्र
परवलिया थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीआईजी बंगला इलाके का रहने वाला 18 वर्षीय अस्मित रैकवार 12वीं कक्षा का छात्र था। रविवार को वह अपने दोस्त आलोक तिवारी का जन्मदिन मनाने के लिए 8 से 10 अन्य दोस्तों के साथ मुबारकपुर स्थित ‘प्रिंस वाटर पार्क’ गया था। बताया जा रहा है कि सभी युवक वाटर पार्क के स्विमिंग पूल में नहा रहे थे, तभी कम जगह में क्षमता से अधिक लोगों के उतरने के कारण पूल के भीतर अफरा-तफरी जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
इसी दौरान अस्मित अचानक पानी में गहराई में चला गया और कुछ देर बाद वह बेसुध हालत में तैरता हुआ मिला। दोस्त उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर भागे, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, जिस स्थान पर यह घटना हुई वहाँ सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिसके चलते हादसे के लाइव फुटेज नहीं मिल सके हैं। पुलिस अब मृतक के दोस्तों और वाटर पार्क के कर्मचारियों से पूछताछ कर लापरवाही के बिंदुओं पर जांच कर रही है।
दूसरी घटना: बाथरूम समझकर खोला बालकनी का दरवाजा, नीचे गिरे बुजुर्ग
उधर, दूसरी हृदयविदारक घटना कजलीखेड़ा इलाके की दृष्टि सिटी कॉलोनी से सामने आई है। यहाँ रहने वाले अपने भाई के घर रुके 63 वर्षीय बुजुर्ग रवीन्द्र खरे की बालकनी से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रवीन्द्र खरे मूल रूप से बाहर के रहने वाले थे और भोपाल में अपनी बेटी की शादी के बाद होने वाली ‘पगफेरे’ की रस्म में शामिल होने के लिए सपरिवार आए थे।
देर रात नींद के आगोश में वे बाथरूम जाने के लिए उठे, लेकिन अंधेरे के कारण उन्होंने गलती से बाथरूम की जगह बालकनी का दरवाजा खोल दिया और पैर फिसलने से सीधे नीचे जा गिरे। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से ही शादी वाले घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है। पुलिस दोनों ही मामलों की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
