भोपाल। राजधानी में बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए अलग-अलग इलाकों में चोरी की तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। पहली घटना टीटी नगर इलाके के सुनहरी बाग की है, जहाँ उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत सुनील नायक के सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 2 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी सुनील नायक चूनाभट्टी स्थित अपने नए आवास में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे और 24 मई को घर में ताला लगाकर गए थे, जब वे 26 मई को सामान लेने लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। चोर यहाँ से सीसीटीवी कैमरा, 4 पंखे, कूलर सहित कई कीमती घरेलू सामान समेट ले गए।
चोरी की दूसरी वारदात शाहजहानाबाद इलाके की मल्टी बाजपेयी नगर में हुई, जहाँ चोरों ने सुनीता देवी के सूने मकान का ताला चटकाकर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। वहीं तीसरी वारदात करोंद इलाके के शांति नगर में सामने आई, जहाँ राजकुमार साहू के घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने दो लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
