भोपाल। अवैध शराब के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत कमला नगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो शराब तस्करों को दबोचकर उनकी कारों से करीब एक लाख रुपये की महंगे ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की है।
थाना प्रभारी निरुपमा पांडे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहली कार्रवाई राहुल नगर मल्टी क्षेत्र में की, जहां वरुण कुमार नाम का युवक पिछले कई दिनों से शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने गुरुवार की रात घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और उसकी कार से 77 हजार रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वहीं, दूसरी कार्रवाई इसी थाना इलाके के शबरी चौराहे पर की गई, जहां पुलिस ने चेकिंग के दौरान दीपक बघेल नाम के युवक की कार को रोका।
कार की डिग्गी की तलाशी लेने पर उसमें से 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी बाजारू कीमत करीब 23 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इन दोनों शराब तस्करों से उनके पूरे तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है।
