भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजीव नगर इलाके में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे से 45 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है, जो संजीव नगर में अकेले रहकर एक हलवाई की दुकान पर काम करते थे, जबकि उनका पूरा परिवार बैरागढ़ क्षेत्र में रहता है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह स्थानीय निवासियों ने संजीव नगर स्थित एक कमरे से तेज बदबू आने की सूचना दी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आसपास के लोगों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर मुकेश का शव पड़ा मिला। शव काफी खराब अवस्था में था, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि उनकी मौत करीब 2 से 3 दिन पहले ही हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, उन्हें गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे पुलिस का फोन आया था, जिसमें किराए के घर से शव मिलने और उसकी शिनाख्त के लिए बुलाया गया था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान मुकेश के रूप में की।
परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मुकेश से उनकी कोई बातचीत नहीं हो पाई थी। निशातपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा, मामले की विस्तृत जांच जारी है।
