नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आज पहुंचे हैं।उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पुलिसकर्मियों को फूल देने के लिए भी कहा। इसे करुणा व सम्मान का प्रतीक बताया।
सोनम वांगचुक ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का किया समर्थन
लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे और सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुए। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक और सीबीएसई मूल्यांकन विवाद समेत परीक्षा गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए किया जा रहा है। वांगचुक ने कहा कि उनका मुद्दा सिर्फ नीट या सीबीएसई तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि वह पिछले चार दशकों से दूरदराज के सरकारी स्कूलों की शिक्षा सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हालात नहीं बदलने से निराशा बढ़ी है।
सीजेपी ने आंदोलन को भड़काने की कोशिश का लगाया आरोप
सीजेपी ने आंदोलन को भड़काने की कोशिश का लगाया आरोप कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को लेकर नया बयान सामने आया है। आंदोलन से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग संवैधानिक तरीके से चल रहे प्रदर्शन को भड़काने और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की पहचान कर तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। सीजेपी समर्थकों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से भी किसी उकसावे में नहीं आने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच सुरक्षा एजेंसियां भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर से क्या-क्या कहा?
सोशल मीडिया पोस्ट हटाई जा सकती हैं, लेकिन हमें खत्म नहीं किया जा सकता।
एक महीने से हम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
सरकार कार्रवाई करने के बजाय अकाउंट हैक और पोस्ट डिलीट कराने में लगी है।
यह लड़ाई लंबी है और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।
देश का छात्र और युवा नहीं बिका है।
मैं इस आंदोलन के लिए अपनी आजादी कुर्बान करने को भी तैयार था।
आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहेगा।
जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन तेज, अभिजीत दीपके ने शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील की
जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन तेज दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र, युवा पेशेवर और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों से आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से किताब और तिरंगा लेकर आने को कहा तथा पुलिसकर्मियों को सम्मान के तौर पर फूल देने की भी बात कही। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि अगर अभिजीत दीपके को गिरफ्तार किया गया तो वह छह सप्ताह का उपवास करेंगे।
‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें’, जंतर-मंतर पर बोले दीपके
जंतर-मंतर पर NEET 2026 पेपर लीक और CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ सीजेपी का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। दिल्ली पुलिस ने शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी है।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच जंतर-मंतर पहुंचे दीपके
अभिजीत दीपके सुरक्षा व्यवस्था के बीच जंतर-मंतर पहुंचे। प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शन स्थल पर जुटे। कई प्रदर्शनकारी कॉकरोच मास्क पहने और हाथों में फूल लिए दिखाई दिए। स्कूली छात्र भी अपने अभिभावकों के साथ प्रदर्शन में पहुंचे। प्रदर्शन में स्कूल-कॉलेज के छात्रों और युवा पेशेवरों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। अभिजीत दीपके ने समर्थकों से आंदोलन को शांतिपूर्ण और अनुशासित बनाए रखने की अपील की।
सीजेपी को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक धरने की अनुमति
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी है। अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस कार्यालय की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, अभिजीत दीपके की ओर से दिए गए आवेदन पर 6 जून 2026 को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक धरना-प्रदर्शन की मंजूरी दी गई है। यह अनुमति एक बार की विशेष छूट के तौर पर दी गई है। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और तय नियमों के तहत आयोजित किया जाएगा।
