भोपाल। पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ अब राजधानी भोपाल के टैक्सी व ऑटो चालकों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार सुबह रायसेन रोड स्थित छावनी पठार में बड़ी संख्या में ऑटो चालक इकट्ठा हुए और ‘फटे अंडरवियर’ हाथ में लेकर एक अनोखा और प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी ऑटो चालकों का कहना था कि ईंधन इतना महंगा हो चुका है कि वाहन की किश्तें और परिवार की जिम्मेदारियां निभाते-निभाते उनकी आर्थिक हालत बदतर हो गई है, यहाँ तक कि उनके पास नए कपड़े खरीदने तक के पैसे नहीं बच रहे हैं। शनि मंदिर के पास आयोजित यह धरना प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसमें चालकों ने सरकार से ऑटो किराए में तत्काल बढ़ोतरी करने की मांग की। ऑटो संगठन के अध्यक्ष संजू अहिरवार ने चालकों की व्यथा बताते हुए कहा कि सीएनजी ऑटो में रोजाना करीब 500 रुपए की गैस भरवानी पड़ती है, जिसके बदले दिनभर में बमुश्किल 1,200 रुपए का धंधा होता है। इस बची हुई 700 रुपए की राशि में से ही ऑटो की मासिक किश्त, वाहन का रखरखाव और परिवार का खर्च निकालना पड़ता है। सब काट-पीटकर रोजाना 500 रुपए की बचत भी नहीं हो पाती है।
उन्होंने बताया कि ईंधन की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन ऑटो किराए में लंबे समय से कोई संशोधन नहीं किया गया है, जिससे हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सरकार को वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए किराए का पुनर्निर्धारण तुरंत करना चाहिए।
