रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि उनके दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में संचालित योजनाओं ने राज्य के विकास को नई गति दी है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की नीति के तहत छत्तीसगढ़ को विशेष केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत 2,080.29 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। वहीं विशेष अधोसंरचना योजना, सुरक्षा संबंधी व्यय, आधुनिक हथियारों की उपलब्धता, जंगल वारफेयर प्रशिक्षण और एयर सपोर्ट जैसी पहलों ने सुरक्षा बलों की क्षमता बढ़ाने के साथ राज्य को नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक बढ़त दिलाई है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 2,377 करोड़ रुपये की लागत से 3,222 किलोमीटर लंबी 391 सड़कों और 88 बड़े पुलों की स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं से बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है और विकास तथा सुरक्षा दोनों को मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री साय ने वित्तीय क्षेत्र में केंद्र सरकार के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यों की केंद्रीय करों में हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत किए जाने से छत्तीसगढ़ को वित्तीय स्वायत्तता मिली है। पिछले 12 वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों में 3.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक तथा विभिन्न योजनाओं के तहत 1.43 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्राप्त हुई है। इसके अलावा पूंजीगत निवेश सहायता योजना के तहत 22,021 करोड़ रुपये और जीएसटी क्षतिपूर्ति के रूप में 22,600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता भी मिली है।
