रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक सामूहिक योगाभ्यास के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इन गरिमामयी आयोजनों के लिए सभी जिलों में मुख्य अतिथियों का नामांकन कर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी गई हैं।
इसी कड़ी में, राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले मुख्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सरगुजा जिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में सुबह 7 बजे सामूहिक योगाभ्यास संपन्न होगा, जिसकी अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। जारी सूची के अनुसार, बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कबीरधाम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इसके अलावा, प्रदेश के विभिन्न जिलों में राज्य सरकार के मंत्रियों को कमान सौंपी गई है, जिनमें कोरिया में रामविचार नेताम, महासमुंद में दयालदास बघेल, सुकमा में केदार कश्यप, कांकेर में लखन लाल देवांगन, जांजगीर-चांपा में ओ.पी. चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में टंकराम वर्मा, बलरामपुर में श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, जशपुर में राजेश अग्रवाल, कोरबा में गुरु खुशवंत साहेब और बालोद में गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। वहीं बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और बीजापुर में विधायक लता उसेंडी सहित अन्य सांसदगण व विधायकगण विभिन्न जिलों में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस योग पर्व को सफल बनाएंगे।
