जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेतरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का जायजा लिया और लाभार्थियों से सीधे संवाद कर शिविर का फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे पूरी जागरूकता के साथ इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शिविर में मुख्यमंत्री ने हजाराम, भैराराम, मांगीलाल को विमुक्त व घुमंतू श्रेणी में पट्टे वितरित किए। इसके साथ ही अजु देवी को पुराने घर के विनियमितीकरण तथा कपूराराम को रियायती दर पर पट्टा आवंटन के प्रमाण-पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसान, मजदूर, गरीब, दिव्यांग और महिलाओं सहित प्रत्येक वर्ग को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में दस्तावेजों के शुद्धिकरण का कार्य होने से पात्र वंचितों को योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक किसान का नाम जमाबंदी में ओट सिंह दर्ज था, जबकि अन्य दस्तावेजों में अर्जुन सिंह होने के कारण उन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इस शिविर के माध्यम से मामूली अशुद्धि दूर कर नाम का शुद्धिकरण किया गया है, जिससे अब उन्हें सम्मान निधि मिल सकेगी। इन शिविरों में नामांतरण, रास्तों के विवादों के निस्तारण, पेंशन सत्यापन, मृदा परीक्षण और पशु स्वास्थ्य जांच जैसे महत्वपूर्ण कार्य एक ही छत के नीचे किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा और सांसद मदन राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।
