भोपाल
राजधानी के डी-सेक्टर, बरखेड़ा भेल स्थित प्राचीन संत रविदास मंदिर में श्रद्धा और उल्लास का संगम देखने को मिला। श्री संत रविदास सेवा संस्थान और शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ मध्य प्रदेश के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती समारोह, स्वरोजगार मेला और 37वें निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
शानदार शोभायात्रा घोड़ों पर सवार होकर निकले दूल्हे आयोजन का शुभारंभ बरखेड़ा विजय मार्केट स्थित राधा कृष्ण मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। बैंड-बाजे, बग्गी, ऊंट, रथ और आतिशबाजी के बीच 15 दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर निकले। शोभायात्रा में दुलदुल घोड़ी का नृत्य और सांस्कृतिक कलाकारों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। नेहरू मार्केट और बजरंग मार्केट से होते हुए यह बारात जब आयोजन स्थल पहुंची, तो वधु पक्ष और समिति ने भव्य स्वागत किया।
सनातन परंपरा से संपन्न हुआ पाणिग्रहण संस्कार मंच पर वर-माला के पश्चात शास्त्री जी द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ हिंदू सनातन परंपरा के अनुसार पाणिग्रहण संस्कार और भांवर परिक्रमा संपन्न कराई गई। संस्थान द्वारा नवदंपत्तियों को चांदी की बिछुड़ी, बर्तन और अन्य आवश्यक उपहार सामग्री भेंट की गई। स्वरोजगार मेला और निशुल्क चिकित्सा शिविर कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की रोजगारोन्मुखी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई, जहाँ विभागीय अधिकारियों ने पंपलेट और पोस्टर के माध्यम से मार्गदर्शन दिया। वहीं, नोबल चिकित्सालय के सहयोग से निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर मरीजों की जांच की गई और दवाइयां वितरित की गईं।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मप्र शासन की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में आरएसएस मध्य भारत प्रांत के संघ चालक अशोक पाण्डेय नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी,भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती,महापीठ के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन सूरज केरो इस अवसर पर विधानसभा संयोजक टीआर मिश्रा, धर्मेन्द्र सिंह परिहार, संतोष ग्वाला सहित लगभग 5000 से अधिक श्रद्धालु और समाजसेवी सम्मिलित हुए। जिला अध्यक्ष खिलन सिंह अहिरवार, नरवदा प्रसाद, भुजवल वर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली।
Read Also :- अध्यक्ष पद के लिए गोविंद गोयल और पाली आमने-सामने,गोयल की जीत सूनिश्चित
