भोपाल
सार्वजनिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनी बीएचईएल के निदेशक (पावर) उपिंदर सिंह मठारू ने भेल की झांसी इकाई का दौरा किया । इस अवसर पर श्री मठारू ने इकाई प्रमुख विनय निगम, भेल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं श्रमिक संगठनों, एसोशिएशनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वैक्यूम ड्रायिंग प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया।
झांसी इकाई में शीर्ष अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के वाद श्री मठारू ने कारखाना भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यशालाओं का अवलोकन कर वर्ष 2022-23 की उत्पादन योजना, भावी रणनीति, नवीन उत्पाद एवं वाणिज्यिक गतिविधियों के साथ उत्पादन लागत में कमी लाने हेतु विनिर्माण प्रौद्योगिकी के आधुनिकीकरण की संभावनाओं के परिप्रेक्ष्य में इकाई प्रबंधन के साथ विस्तृत विचार विमर्श किया तथा निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति हेतु कठिन परिश्रम, एवं द्रुत गति से कार्य करने की आवश्यकता पर वल दिया एवं तत्सम्बंधी निर्देश उच्चाधिकारियों को दिये।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीएचईएल देश की प्रगति एवं उन्नति हेतु संकल्पवद्ध है । बैठक में इकाई प्रमुख श्री निगम ने झांसी इकाई हेतु निर्धारित उत्पादन लक्ष्य की अद्यतन स्थिति एवं उसकी प्राप्ति हेतु उठाए जा रहे कदमों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए निदेशक मण्डल की अपेक्षा के अनुरूप इकाई की उत्तरोत्तर प्रगति हेतु अपनी प्रतिवद्धता वयक्त की । इस अवसर पर महाप्रबंधक (ट्रांसफार्मर) प्रवीश वाष्णैय, महाप्रबंधक (लोको) मुक्तिकांत खरे, महाप्रबंधक (मां.सं.) एनसी पॉली एवं महाप्रबंधक (ड्ब्ल्यूईएक्स/एमओडी/फैब्री) राजीव अग्रवाल सहित शीर्ष अधिकारीगण मौजूद थे।
