– महानिदेशक लेखा-परीक्षक (ऊर्जा) सीएजी ने देखा बीएचईएल को, ली अफसरों की बैठक
भोपाल
मंगलवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली से भोपाल पहुंचे संजय कुमार झा आईएएएस महानिदेशक लेखा-परीक्षक (ऊर्जा) सीएजी ने बीएचईएल कारखाने पहुंचकर कई विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने कारखाने में बन रहे विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली। इस बीच उन्होंने बीएचईएल के महाप्रबंधक व डीआरओ स्तर के अफसरों की क्लास भी ली। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि बीएचईएल को आगे बढ़ाने आप सबको ध्यान देना होगा। हम चाहते हैं कि बीएचईएल चाइना से आगे बढ़े। फिलहाल जरूरत है तो इस कारखाने के थर्मल विभाग के बजाय सोलर और हाइड्रो पर ज्यादा ध्यान दें। इसकी डिमांड देशभर में हैं।
उन्होंने कहा कि बीएचईएल को नए मौके के साथ उत्पादों के नए क्षेत्र को तलाशना होगा। बीएचईएल बिजली उपकरण बनाने वाली सबसे पुरानी कंपनी है। उत्पादों का निर्माण भी बेहतर तरीके से कर रही है। पीएम के मेक इन इंडिया के लिए बीएचईएल का बेहतर योगदान रहा है। इस मौके पर भोपाल ईडी विनय निगम ने महानिदेशक लेखा-परीक्षक (ऊर्जा) का स्वागत करते हुए उन्हें भोपाल यूनिट मे चल रहे कार्यों एवं उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उप निदेशक आशुतोष द्विवेदी (आईएएएस) तथा महाप्रबन्धक, प्रदीप कुमार नाईक अपर महाप्रबन्धक (वित्त) एवं संजीव श्रीवास्तव, अपर महाप्रबन्धक (लेखा-परीक्षा) मौजूद थे। अंत में महाप्रबन्धक एचआर अविनाश चन्द्रा ने उन्हें धन्यवाद प्रदान किया।
