— पुलिस बल मौजूद, बेदखली अमले ने कर दिखाया काम
— चार अतिक्रमण ओर हटाए
— आईएसबीटी के सामने तनुजा मार्बल का मामला
भेल भोपाल।
यूं तो भेल उद्योगनगरी में अतिक्रमण ओर आवासों में अवैध कब्जे के मामले कोई नए नहीं हैं। आज भी जिसको मौका मिलता है वह कब्जा करने से नहीं चूकता, लेकिन जो मामले भेल संपदा न्यायालय से भोपाल जिला न्यायालय पहुंचे हैं और जिनका फैसला भेल के पक्ष में हुआ है उस पर कार्रवाई करने से नगर प्रशासन विभाग का बेदखली अमला कार्रवाई करने में देरी नहीं कर रहा। हाल ही में ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है। दो दिन पहले ही जिला न्यायालय ने करीब 30 करोड़ की जमीन के मामले में जैसे ही भेल के पक्ष में फैसला सुनाया वैसे ही रविवार की सुबह 6 बजे से बेदखली अमले ने संबंधित थाने के भी पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन लेकर हटा दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद 4 अन्य अतिक्रमण भी हटाने में कामयाबी हासिल कर ली।
जानकारी के मुताबिक आईएसबीटी के सामने भेल का हबीबगंज इंडस्ट्रीयल एरिया में स्थित तनुजा मार्बल के नाम से व्यवसाय कर रहे एक व्यापारी ने लंबे समय से भेल में किराया तक जमा नहीं किया था। यह जमीन करीब 18 हजार 500 वर्गफीट बताई जा रही है। इसका मामला भेल के संपदा न्यायालय में लंबे समय तक चला। फैसला कंपनी के पक्ष में हुआ था। इसके चलते तनुजा मार्बल ने यह मामला जिला न्यायालय में दाखिल कर दिया। हाल ही में जिला न्यायालय ने इस मामले का फैसला भेल के पक्ष में कर डाला। इसके साथ ही तीन अन्य अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भी कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई की।
इनने भी करीब 4 हजार वर्गफीट जमीन पर अलग—अलग कब्जा कर रखा था। भारी पुलिस बल के बीच एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भेल नगर प्रशासन विभाग ने करीब 30 करोड़ की जमीन से अतिक्रमण हटाने में कामयाबी हासिल की। इस कार्रवाई में नगर प्रशासन विभाग के मुखिया टीयू सिंह, संपदा न्यायालय के मजिस्ट्रेट रमेशचंद्र अपर महाप्रबंधक प्रशांत पाठक, उप प्रबंधक बीके प्रधान, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी चित्रेश दत्ता, हर्ष मोर्या, चंद्रकांत विश्वकर्मा, जेके बाथम सहित बड़ी संख्या में नगर प्रशासन विभाग का अतिक्रमण विरोधी दस्ता मौजूद था।
