भोपाल
बीएचईएल के स्विचगियर प्रभाग ने पहली बार उत्तर प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीटीसीएल) के फराह सब-स्टेशन के लिए 36 केवी डबल-बस गैस इंसुलेटेड स्विचगियर (जीआईएस) का विकास और आपूर्ति की है । इस अवसर पर बीएचईएल, भोपाल के कार्यपालक निदेशक राजीव सिंह ने आज एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम में हरी झंडी दिखागर जीआईएस पैनल ग्राहक को सुपुर्दगी हेतु रवाना किया । कार्यक्रम में प्रदीप उपाध्याय, महाप्रबंधक (एससीआर), आरके अग्रवाल, महाप्रबंधक (सीपीएक्स एवं एलजीएक्स), एनके मल्हान,एचआर पटेल,दिलीप कटियार, श्रीमती नीतू धमीजा,धीरज अजवानी एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे ।
उच्च तकनीकी वाले नए उत्पादों के विकास और आपूर्ति में बीएचईएल इंजीनियरों का तकनीकी कौशल अत्यंत प्रशंसनीय है । जीआईएस स्विचगियर की तकनीक अत्याधुनिक है जिसमें सभी महत्वपूर्ण उपकरण सीलबंद गैस चैंबर के अंदर लगाए जाते हैं । इस डिज़ाइन में स्विचगियर पैनलों का आकार काफी कम हो जाता है, जिन्हें कम स्थान में लगाया जा सकता है ।
डबल बस डिज़ाइन उपकरण में फाल्ट होने पर भी उपभोक्ताओं को बिजली की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित होती है । विनिर्माण के हर चरण में कठोर परीक्षण प्रोटोकॉल का पालन किया गया है । उल्लेखनीय है कि इस अत्याधुनिक उत्पाद हेतु 100 प्रतिशत स्वदेशी पुर्जों का विकास एवं उपयोग किया गया है । इस परियोजना की सफल आपूर्ति भारत सरकार की आत्मनिर्भर भारत एवं मेक इन इंडिया पहल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है ।
