भोपाल
बीएचईएल के कर्मचारियों के बोनस,इन्सेंटिव के अलावा अनुकंपा नियुक्ति और नये कर्मचारियों की भर्ती को लेकर बीएचईएल की एचएमएस यूनियन बुधवार को भेल के फाउंड्री गेट पर दोपहर 3 बजे आन्दोलन करेगी । यह आन्दोलन भेल के गेट नंबर 6 पर दोपहर 3 बजे गुरूवार को भी होगा । यूनियन के महासचिव अमर सिंह राठौर और वरिष्ठ सचिव हेमंत सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर सभी प्लेटफार्म पर मांग करते रहे लेकिन प्रबंधन कुंभकरणीय नींद सो रहा है । ऐसे में सिवाय आन्दोलन-प्रदर्शन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि शीर्ष प्रबंधन भेल की जीसीएम की बैठक तक आयोजित नहीं कर पाई। इसके लिये प्रयास किये जायेंगे ।
गौरतलब है कि प्रतिनिधि यूनियन के चुनाव हुये करीब 1 साल से ज्यादा का समय गुजर चुका है । नंबर वन प्रतिनिधि यूनियन बनी बीएमएस और अन्य यूनियने पिछले एक साल से एजीएम एचआर से लेकर भेल दिल्ली कॉरपोरेट के चेयरमेन डॉ0 नलिन सिंघल तक से जेसीएम की बैठक और कर्मचारियों की मांग को लेकर गुहार लगा चुके हैं । सांप-सीढ़ी के इस खेल में प्रबंधन जीतता रहा और यूनियने जहां खड़ी थी वहीं खड़ी हैं ऐसे में एचएमएस के आन्दोलन का शंखनाद शायद काम आ सके ।
