भोपाल
गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के पूर्व ही कांग्रेस-भाजपा नेता आपस में भिडऩे लगे है और काफी देर तक हंगामा किया। हालांकि चुनावी गतिविधियां दोनों की ओर से जारी है जहां भाजपा विधायक अपने क्षेत्र में जगह-जगह बैठकों का दौर जारी रखी हुईं हैं वहां भूमिपूजन के दौर भी चल रहे है। जनसंपर्क अभियान अभी से तेजी पकड़ता जा रहा है तो दूसरी ओर कांग्रेस नेता भी किसी से कम दिखाई नहीं दे रहे है। उनकी बैठकों के दौर भी शुरू हो गए है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस क्षेत्र में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
ऐसा कहा जा रहा है कि कांगे्रस की और से रविंद्र साहू झूमरवाला ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी है। यहीं कारण है कि उन्होंने इस विधानसभा क्षेत्र में धर्म यात्रा का दौर शुरू कर दिया है। धर्मयात्रा के तीसरे दौर में जब वह शुक्रवार की शाम वार्ड 66 के अंतर्गत आने वाली इंद्रपुरी स्थित छत्तीसगढ़ लेबर कॉलोनी के कम्यूनिटी हॉल में करीब 500 महिलाओं को बस पास वितरित कर रहे थे तब ही भाजपा के कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। आपस में भिड़ जाने के बाद महिलाएं वहां से भाग खड़ी हुई।
पिपलानी पुलिस में श्री साहू ने शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर किए जाने की मांग की है। श्री साहू का कहना है कि कम्यूनिटी हॉल में भाजपा नेताओं ने नारेबाजी की इससे महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगता है क्षेत्रीय विधायक कांग्रेस के भारी समर्थन को देखते हुए बौखला गई हैं। इधर क्षेत्रीय विधायक श्रीमती कृष्णा गौर का कहना है कि इस घटना की जानकारी कार्यकर्ताओं से मांगी है इससे मेरा कोई लेना देना नहीं है। जानकारी मिलने के बाद ही कुछ बता पाऊंगीं।
