भोपाल
बीएचईएल में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ किया गया । इस अवसर पर एसएम रामनाथन कार्यपालक निदेशक, श्रीमती संगीता रामनाथन, अध्यक्ष, बीएचईएल लेडीज क्लब, बीके सिंह, महाप्रबंधक, डॉ. श्रीमती अल्पना तिवारी, महाप्रबंधक (चिकित्सा) एवं यूनिट समन्वयक विप्स, सभी महाप्रबंधकगण तथा भारी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित थीं ।
इस अवसर पर डॉ. श्रीमती सरला मेनन, पूर्व चिकित्सा सेवा प्रमुख, कस्तूरबा अस्पताल तथा डॉ. श्रीमती मनीषा आनंद को अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित थीं । श्री रामनाथन ने सभी महिला कर्मियों को कंपनी के विकास एवं उत्थान में उनकी भूमिका के लिए बधाई देते हुए कहा कि महिला कर्मियों का योगदान अत्यंत सराहनीय है । उन्होंने कहा कि संस्थान में महिला और पुरूष दोनों ही समान रूप से महत्वपूर्ण हैं और कहीं भी किसी भी स्तर पर कोई असमानता नहीं है ।
उन्होंने कहा कि हमें जीवन में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले इस भावना से परहेज करना होगा कि यह मैं नहीं कर सकता । नहीं शब्द जीवन की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है । हममें से प्रत्येक व्यक्ति के पास एक समान क्षमता और काबिलियत है और हमें प्रत्येक कार्य को एक चुनौती समझकर करते हुए आने वाले समय को व्यतीत किए गए समय से बेहतर बनाने का प्रयास करना है । उन्होंने यह भी कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है । श्री सिंह ने बीएचईएल, भोपाल में महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य करने और कंपनी के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला ।
उन्होंने आगे कहा कि बीएचईएल प्रबंधन महिला कर्मचारियों की आवश्यकताओं और जरूरतों के प्रति पूर्णत: सजग है । कार्यक्रम में बीएचईएल, भोपाल में कार्यरत महिला कर्मचारियों पर एक लघु फिल्म भी दिखाई गई । प्रचार एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा निर्मित इस लघु फिल्म के निर्माण में संजय राजवंशी, उप प्रबंधक (प्रचार एवं जनसंपर्क), सुश्री स्मृति शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक , सुश्री दिव्या जोशी, उप महाप्रबंधक (हाइड्रो) की भूमिका सराहनीय है ।
—————————————————
बीमा अस्पताल में नये अधीक्षक ने किया कार्यभार ग्रहण
सोनागिरी स्थित राज्य बीमा हॉस्पिटल में लंबे समय के बाद नए अधीक्षक की पोस्टिंग हो गई है। डॉ. शैलेश चौधरी को बीमा हॉस्पिटल का अधीक्षक बनाया गया है। उन्होंने अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर लिया है ।
