– उज्जैन के राजा, महाकाल तेरी गुलामी मेरे काम आ रही है पर झूमें बाबा महाकाल के भक्त
भोपाल.
राजा भोज की नगरी भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर चले रहा भोजपाल महोत्सव मेला के सांस्कृतिक मंच पर शनिवार को भजन गायक किशन भगत ने बाबा महाकाल और प्रभु श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति दी। किशन ने गणेश वंदना से भजनों की शुरुआत की। इसके बाद बाबा महाकाल के भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुुरुआत मुख्य अतिथि विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ भोजपाल महोत्सव मेला अध्यक्ष सुनील यादव, संयोजक विकास वीरानी, महामंत्री हरीश कुमार राम, उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, महेंद्र नामदेव, अखिलेश नागर के साथ ही मेला टीम ने दीप प्रज्जवलित कर की।
इंदौर निवासी किशन भगत ने उज्जैन के राजा से अपने गाने की शुुरुआत की थी। इसके बाद महाकाल तेरी गुलामी मेरे काम आ रही है, महाकाल का नाम जपो के साथ ही प्रभु श्रीराम की भजनों की प्रस्तुति दे चुके हैं। किशन ने बताया कि जब वे चार वर्ष के थे, तब उनके माता-पिता का देहांत हो गया था। उनकी परवरिश नानी के घर हुई। जगह मेहनत मजदूरी और छोटे मोटे काम किए। गुजारा करने के लिए हाथ ठेला तक चलाया। कोरोना काल में मास्क बेचा। बता दें कि किशन बाबा महाकाल के भक्त हैं। बाबा की सेवा, भक्ति के साथ ही उनके नाम की भजनों को गुनगुनाते रहते थे। इस दौरान उन्होंने पैसे देकर अपना पहला गाना महाकाल के राजा को रिकॉर्ड कराया। इस गाने को इतनी प्रसिद्धि मिली कि किशन ने फिर पीछे मुडकऱ नहीं देखा। इसके बाद एक से बढकऱ एक भजनों की प्रस्तुति दी। किशन आज देश भर में भजनों की प्रस्तुति देने जा रहे हैं। शनिवार को आपके शहर में चल रहे भोजपाल महोत्स मेले में प्रस्तुति देंगे।
इस मौके पर मेला समिति के मो. जाहिद खान, दीपक बैरागी, देंवेंद्र चौकसे, शैलेंद्र सिंह जाट, मो. रेहान, मंत्री चंदन वर्मा, विनय सिंह, केश कुमार शाह, आफताब सिद्धकी, मधु भवनानी, दीपक शर्मा, गोपाल शर्मा, सहमंत्री सुनील वैष्णव, वाहिद खान, संदीप सहित मेला समिति से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।
मेला अध्यक्ष ने बताया कि राजभोज की नगरी में राजाभोज के नाम से होने वाले आयोजनों में प्रदेश में यह सबसे बड़ा आयोजन है। मेले में राजाभोज की 12 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई गई है। मेले में छोटे-बड़े करीब 500 विभिन्न सामग्री के स्टाल लगाए गए हैं। यहां 250 फीट लंबा स्वागत द्वार, 60 बाय 40 का भव्य सांस्कृतिक मंच और टे्रडिशनल सेल्फी जोन बनाया गया है। महामंत्री हरीश कुमार राम ने बताया कि 49 दिनों तक चलने वाले इस मेले में रोजाना 25 से 30 हजार लोग पहुंचते हैं। शनिवार और रविवार को यह संख्या करीब डेढ़ लाख होती है। मेला देखने राजधानी भोपाल के साथ ही रायसेन, विदिशा, सीहोर, मंडीदीप, औबेदुल्लागंज सहित आसपास क्षेत्र से लोग परिवार सहित आते हैं।
