भोपाल
बीएचईएल लेडीज एजूकेशनल वेलफेयर विंग में 15 दिवसीय नि:शुल्क भेल कम्प्यूटर प्रशिक्षण शिविर का गुरूवार को समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भेल लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती नविता निगम मौजूद थीं। विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती अंजना जयन्त दीप, (उप निदेशक, आर जी पी वी-पॉली विंग), डॉ. श्रीमती आरती अग्रवाल (ललित कला) और श्रीमती सम्पदा प्रदीप (आहार विशेषज्ञ) ने उपस्थित होकर अपने अपने क्षेत्र के विषय पर सभी छात्र-छात्राओं को जानकारी देकर प्रोत्साहित किया ।
श्रीमती निगम ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि माता पिता हमें पढ़ाने के लिए खूब मेहनत करते है इसलिए आप सबका कर्तव्य है कि उनका सम्मान करें और लगन से पढ़ाई कर समाज एवं देश का नाम रोशन करें । इस दौरान उन्होंने छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम बेटी बचाओ एवं बेटी पढ़ाओ नाटिका की सराहना की ।
वोकेशनल सेन्टर की सचिव श्रीमती सुमिता सरना ने संस्था की गतिविधियों एवं नि:शुल्क कोर्स की जानकारी दी । शिविर में भाग लेने वाले सभी छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार दिए गए । प्रशिक्षण देने वाले सभी गुरूजनों का भी सम्मान किया गया । कार्यक्रम के पूर्व अध्यक्षा का स्वागत श्रीमती ज्योति दुबे एवं संचालन श्रीमती मनीषा शर्मा तथा आभार संस्था की कोषाध्यक्ष श्रीमती रीना सचान ने किया। कार्यक्रम में भेल लेडीज क्लब द्वारा संचालित सभी संस्था की उपाध्यक्षा एवं सदस्य मौजूद थे ।
