– सैन्य अधिकारियों ने किया कारखाने का विजिट
भोपाल
बीएचईएल द्वारा निर्मित उपकरण गुणता के कड़े मानकों के अनुरूप बनाए जाते हैं और उत्पादन प्रक्रिया में कहीं भी निर्धारित मानकों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाता । यही कारण है कि ग्राहक बीएचईएल के उत्पादों पर पूर्ण भरोसा करते हैं और सभी क्षेत्र में बीएचईएल ने ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखा है एसएम रामनाथन कार्यपालक निदेशक बीएचईएल ने मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, डॉ. आम्बेडकर नगर (महू) के आर्मी आफिसर कैडेट्स को संबोधित करते हुए शनिवार को एक बैठक में कहीं ।
श्री रामनाथन ने कहा कि बीएचईएल पॉवर क्षेत्र, उद्योग क्षेत्र, परिवहन, परमाणु ऊर्जा, गैर पारम्परिक ऊर्जा तथा जल विद्य़ुत ऊर्जा के साथ साथ डिफेंस एवं अन्य नए क्षेत्रों में भी अपनी साख स्थापित कर चुका है । देश की औद्योगिक प्रगति में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी के साथ साथ डिफेंस के साथ जुड़ना बीएचईएल के लिए गौरव की बात है ।
उन्होंने युवा सैन्य अधिकारियों को देश सेवा का केरियर चुनने के लिए बधाई देते हुए कहा कि बीएचईएल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में न सिर्फ देश में बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट स्थान रखता है । इस संस्थान में उपलब्ध तकनीक और अनुभव का जितना अधिक लाभ वे उठा सकें, बीएचईएल के लिए प्रसन्नता का विषय है ।
इस अवसर पर आरके अग्रवाल, महाप्रबंधक ने सैन्य अधिकारियों को बीएचईएल, भोपाल द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों तथा यहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बीएचईएल द्वारा भारत में और विश्व के विभिन्न देशों में किन किन परियोनाओं तथा उद्योगों के लिए उपकरणों की आपूर्ति की गई है । उन्होंने बदलती व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप बीएचईएल द्वारा विविधीकरण के बारे में भी जानकारी दी ।
मेजर भवेश महाजन, एमसीईटी, महू ने अपनी टीम के साथ यूएचवी लैब, न्यू ट्रांसफार्मर ब्लॉक तथा परिवहन ब्लॉक-9 में विजिट के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बीएचईएल, भोपाल में विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं और यह वास्तव में हमारे देश की शान है । उन्होंने कहा कि बीएचईएल, भोपाल में विजिट से हमें भारत की इंजीनियरिंग प्रगति और क्षमता की झांकी देखने को मिली है और यहां की कार्य संस्कृति अपने आप में अनुकरणीय है । इस विजिट का संयोजन संजय राजबंशी, उप प्रबंधक , बीएचईएल, भोपाल द्वारा किया गया ।
