भोपाल
आनंद विहार विद्यालय तुलसी नगर में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस शानदार तरीके से मनाया गया। योग फौर वसुधैव कुटुंबकम की थीम पर आधारित विश्व भर के लोगों को एक स्वस्थ जीवनशैली जीने के लिए प्रेरित करने का सुखद प्रयास है। इस थीम पर बहुत ही विस्तार से अपने उद्बोधन में प्राचार्य महोदय आदरणीय शैलेश झोपे के द्वारा बच्चों को योग के महत्व से परिचित करवाया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए 21 जून को ही क्यों चुना गया इस पर भी बहुत विस्तार से ज्ञानवर्धक जानकारी बच्चों को दी गई। खेल शिक्षक शेख शमीम सर ,निशा सिंह, विकास सिंह के निर्देशन और प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों ने योग की बारीकियां सीखी और अपने जीवन में नियमित योग अभ्यास को जारी रखने का संकल्प लिया।
सूर्य नमस्कार, वृक्षासन, ताड़ासन, भुजंगासन ,धनुरासन, चक्रासन ,शशांक आसन, बटरफ्लाई, सुखासन इत्यादि आसनों का अभ्यास कराया गया तथा अनुलोम विलोम प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक और मानसिक बल की महत्ता को अभ्यास के माध्यम से सिखाया गया। विद्यार्थियों के द्वारा योग अभ्यास की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और एक सकारात्मक वातावरण से विद्यालय परिसर सराबोर हो उठा। योगाभ्यास के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर वनिता समाज प्रेसिडेंट अर्चना बागची , आनंद विहार विद्यालय अध्यक्ष श्रीमती मधु शरण तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य ,मानसिक बल एवं उज्जवल भविष्य की कामना प्रेषित की।
