-संवाद बैठक में नवागत बीएचईएल के ईडी ने बिजली की खपत पर जताई चिंता
भोपाल
देश में वर्तमान तीव्र आर्थिक विकास और अधोसंरचना के विकास को सरकार द्वारा वरीयता दिए जाने के फलस्वरूप देश में बिजली की जरूरत काफी तेजी के साथ बढ़ रही है और बीएचईएल के लिए यह एक अत्यंत सुखद सूचना है। एसएम रामानाथन, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल, भोपाल ने बुधवार को आयोजित प्रबंधन तथा कर्मचारी संवाद बैठक में सभी को संबोधित करते हुए यह उदगार व्यक्त किया । बीके सिंह, महाप्रबंधक उनके साथ मंच पर मौजूद थे ।
भोपाल यूनिट में कार्यग्रहण करने के उपरांत सभी कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने बीएचईएल, भोपाल में हो रहे कार्य निष्पादन के बारे में कर्मचारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह कारखाना बीएचईएल में कार्य कर रहे सभी कर्मचारियों और इस कारखाने से जुड़े सभी व्?यक्तियों के कठोर परिश्रम की परिणति है और इसकी प्रगति से ही हमारा भविष्य जुड़ा है ।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार की नई ऊर्जा नीति के फलस्वरूप थर्मल सेक्टर आर्डन आने की संभावना है और यह निश्चित रूप से बीएचईएल के लिए एक सुखद समाचार है । बीएचईएल ने पारंपरिक विद्युत उपकरण के साथ साथ विभिन्न अन्य क्षेत्रों यथा परिवहन, उद्योग,गैर पारंपरिक ऊर्जा, डिफेंस में न सिर्फ प्रवेश किया है, बल्कि अपनी कुशलता और गुणतापूर्ण उत्पादों के फलरूवरूप अपनी पहचान स्थापित की है । थर्मल में संभावित आर्डरों से कंपनी को फिर से पूर्व में स्थापित कीर्तिमान को प्राप्त करने में सफलता मिलेगी ।
उन्होंने कहा कि हमारे पास काफी अच्छा आर्डर बुक है और जरूरत इस बात की है कि हम इन आर्डरों को ठीक समय से पूरा करें और ग्राहकों के विश्वास और उनकी अपेक्षाओं पर पूर्ण रूप से खरा उतरें । उन्होंने इस अवसर पर कहा कि व्यक्ति का जीवन अनमोल है हमें अपना कार्य करने के साथ साथ सुरक्षा मानकों का भी कड़ाई से पालन करना होगा । उन्होंने सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया कि कारखाने के अंदर कार्यस्थल पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का एवं अन्य सुरक्षा मानकों का अवश्य पालन करें ।
इस बैठक में कर्मचारियों ने बीएचईएल, भोपाल के विभिन्न ब्लॉकों में कार्य को और अधिक गतिमान बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए और कहा कि कुछ मशीनों में आंशिक मरम्मत और रख-रखाव से उत्पादन की गति में काफी वृद्धि होगी । साथ ही उन्होंने उद्योगनगरी तथा संरचना संबंधी सुधार में भी सुधार के सुझाव दिए । सभी संबंधित महाप्रबंधकों ने अपने क्षेत्र से संबंधित सुझावों पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र कार्यान्वयन पर सहमति दी ।
श्री सिंह ने अपने उद्बोधन में मेकॉम के आयोजन और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि यह फोरम पिछले चार दशकों से सम्वाद का एक महत्वपूर्ण प्लेट्फॉर्म है. इस बैठक में सभी महाप्रबंधक, डीआरओ तथा भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे ।
