भोपाल
बीएचईएल में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती सोमवार उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई । बीएचईएल के महाप्रबंधक एवं अध्यक्ष, भेकनिस मोतीसिंह रावत तथा अन्य महाप्रबंधकों ने प्रशासनिक भवन एवं एचआरडी बिल्डिंग के पास स्थित पं. नेहरू की प्रतिमा पर माल्यर्पण किया । कार्यक्रम में शीर्ष कार्यपालक, भेकनिस के समस्त सदस्यगण, विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि तथा भारी संख्या में उपस्थित कर्मचारियों ने पं. नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की ।
गौरतलब है कि 6 नवम्बर, 1960 को भोपाल स्थित बीएचईएल का यह कारखाना तत्कालीन प्रधानमंत्री प. नेहरू द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया गया था । बीएचईएल देश के सबसे महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कंपनी के रूप में पूरी दुनिया में ख्याति अर्जित कर चुका है । बदलते हुए व्यापारिक परिवेश में सामंजस्य स्थापित करते हुए पॉवर सेक्टर के अलावा परिवहन, रक्षा उपकरण, एयरोस्पेस में बीएचईएल ने अपनी पैठ बनाई है । भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान ने कोयला गैसीकरण, भारतीय रेल एवं रक्षा उपकरण के क्षेत्र में बीएचईएल को नेक नये अवसर प्रदान किये हैं ।
