भोपाल
श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में 500 वर्षों बाद राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर सामाजिक संगठन हिन्दू दर्पण द्वारा 21 जनवरी को शाम 4 बजे से गौड़ मालवीय ब्रह्मण समाज सत्कार भवन अशोका गार्डन में संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव और कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर की प्रथम वर्षगांठ पर सरला एस्टेट अवधपुरी के रहवासियों द्वारा 19 से 22 जनवरी तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूरी कॉलोनी को रहवासियों द्वारा लाइटिंग, झंडे और रंगोली से सजाया जा रहा है।
मंदिर की वर्षगांठ पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रूद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 21 को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में 22 जनवरी को कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से सरला एस्टेट और आसपास कॉलोनी के रहवासियों द्वारा शंख, गरुड़ घंटी, झालर, डमरू, नगाड़े, ढोल आदि वाद्ययंत्रों के साथ कलश यात्रा श्री राम जानकी मंदिर समन्वय नगर अवधपुरी तक निकाली जाएगी।
इस मौके पर राम दरबार की झांकी सजाई जाएगी। दिन मे सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ के साथ ही शाम को दीपोत्सव, आतिशबाजी, महाआरती और भंडारे का आयोजन किया। बरखेड़ा श्रीकृष्ण मंदिर में की साफ-सफाई: बरखेड़ा स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में भेल जनसेवा समिति और भोजपाल महोत्सव मेला समिति के पादाधिकारियों और सदस्यों ने साफ-सफाई की। भोजपाल महोत्सव मेला समिति के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि हमारी पीढ़ी रामलला के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की साक्षी बनेगी। यह हमारे पुण्यों का उदय है कि हम रामलला को भव्य मंदिर में विराजमान होते हुए देख सकेंगे। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मंदिर को सजाकार दीप जलाए जाएंगे।
राम नाम संकीर्तन कर निकाली प्रभातफेरी: साकेत नगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण से सुबह 6 से श्रद्धालुओं द्वारा राम नाम संकीर्तन करते हुए प्रभातफेरी की गई। मंदिर के पुजारी पंडित संदीप ने बताया कि 22 जनवरी तक नियमित रूप से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। रामलाल की प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मंदिर में दीप जलाए जाएंगे। वहीं इच्छापूर्ण महादेव मंदिर के सभी भक्तों एवं धर्मप्रेमियों के द्वारा भव्य शोभा यात्रा 22 जनवरी को शाम 4 बजे से निकाली जायेगी और शाम 6 बजे इच्छापूर्ण महादेव मंदिर पहुंचेगी वहां पहुंचकर महिलाओं द्वारा श्री राम जी के भजन पर गरबा की प्रस्तुति की जाएगी ।
