भोपाल
भेल क्षेत्र के इंद्रपुरी ए सेक्टर में नगर निगम की लापरवाही से रोजाना हजारों लीटर की पानी की बर्बादी हो रही है। नगर निगम जानकर भी अंजान बना हुआ है और पानी की बर्बादी से स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। दरअसल क्षेत्र में घरेलू गैस की पाइपलाइन के चलते जगह-जगह गड्डों को खोदा गया है ए सेक्टर में ऐसे गड्डों को खोदते समय लापरवाही के चलते नर्मदा जल की पीने की पाइपलाइन भी टूट गई।
आनन-फानन में निगम ने पाइप लाइन को फौरी तौर पर जोड़ दिया जो दो दिनों के पश्चात फिर खराब हो गया जिससे हजारों लीटर पानी रोजाना बर्बाद हो रहा है। वहीं पानी रहवासियों के घरों में भी घुस रहा है। खास बात तो यह भी है कि समय रहते अगर इसे मजबूती से जोड़ा नहीं गया तो जलापूर्ति की समस्या भी क्षेत्र में बाधित हो सकती है।
स्थानीय रहवासी भेल कर्मी हीरालाल ने बताया कि इस बाबत निगम में कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन द्वारा इसका निदान नहीं किया जा रहा है। बारिश के मौसम में वैसे भी पानी का भराव जगह-जगह खोदे गए गड्डों में हो रहा हैं ऊपर से टूटी हुई पाइप लाइन से निकला हुआ पानी लोगों के घरों में जा रहा है। जलभराव के कारण क्षेत्र में बीमारी भी फैल सकती है।
