— बीएचईएल भोपाल यूनिट में 78वां स्वाधीनता दिवस धूमधाम से मनाया
भोपाल।
बीएचईएल भोपाल में 78वां स्वाधीनता दिवस कार्यक्रम पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भेल के कार्यपालक निदेशक एसएम रामनाथन ने प्रशासनिक भवन के समक्ष राष्ट्रीय ध्वजारोहरण कर उपस्थित लोगों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भोपाल के जवानों ने उन्हें सलामी दी। इस अवसर पर भेल लेडीज क्लब की अध्यक्ष संगीता रामनाथन, सभी महाप्रबंधकगण, हरीश साहू, कमाण्डेण्ट, सीआईएसएफ, सभी यूनियन प्रतिनिधि, भेकनिस के सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि आज भारत विश्व के सबसे बड़े प्रजातांत्रिक देश के रूप में प्रतिष्ठित है। दुनिया ने हाल के वर्षों में एक शक्तिशाली और सम्प्रभुता सम्पन्न भारत को तेजी से उभरते हुए देखा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज हमारे देश की तेजी से बढ़ती अर्थ व्यवस्था विश्व के लिए चर्चा का विषय है। बीएचईएल ने भी देश की इस आर्थिक प्रगति के साथ सामंजस्य रखते हुए लाभप्रदत्ता हासिल की है और भारत सरकार के “आत्म निर्भर भारत “ तथा “मेक इन इंडिया“ अभियान के अंतर्गत उत्पादों में विविधता लाते हुए नये व्यापारिक क्षेत्रों में प्रवेश किया है।
उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वर्तमान व्यापारिक परिदृश्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और हमारे सभी उत्पाद कठिन प्रतिस्पर्धा वाले हैं, लेकिन हम सभी मिलजुलकर इस यूनिट को एक नई ऊंचाई पर स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल इकाई के कर्मचारी किसी भी परिस्थिति में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए सक्षम एवं तत्पर हैं। वर्तमान समय की मांग है कि हमें इस प्रकार के प्रतिबद्धता को बनाए रखना है। हमारा भविष्य इस बात पर निर्भर करता है हमें एक बेहतर कल के लिए अपने आज का उपयोग करना होगा। इसी के साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य की अपनी कार्ययोजना में सफलता के लिए प्रेरित किया।
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व बीएचईएल, लेडीज क्लब की अध्यक्षा संगीता रामनाथन द्वारा कस्तूरबा चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर विशेष रूप से डॉ. अल्पना तिवारी, चिकित्सा सेवा प्रमुख एवं डॉ. पामेला सचदेव, महाप्रबंधक भी मौजूद थीं।
भेल में अखिल भारतीय मुशायरा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएचईएल सांस्कृतिक भवन में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय एकता समिति द्वारा “अखिल भारतीय मुशायरा“ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीके सिंह, अध्यक्ष भेकनिस एवं अविनाश चन्द्रा, उपाध्यक्ष भेकनिस सहित सभी समिति के सभी सदस्यगण भी उपस्थित थे। मुशायरे में हिंदी और उर्दू जगत के कई बेहतरीन शायर जैसे महेश अग्रवाल भोपाल, अज़हर इकबाल बुढ़ाना, डॉ. नुसरत मेहदी भोपाल, विजय तिवारी भोपाल, अकबर ताज खंडवा, जहाज देवबंदी देवबंद एवं सुफियान काजी़ खंडवा ने अपनी शायरी से लोगों को बांधे रखा।
