भेल भोपाल।
सालों से भेल के व्यापारी और प्रबंधन आमने-सामने हैं। नेताओं ने व्यापारियों की मांगों को लेेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक गुहार लगाई है। व्यापारी संघ के अध्यक्ष तो बदलते रहे, लेकिन मांगें आज तक पूरी नहीं हुई । ऐसा ही एक मामला भेल टाउनशिप के मार्केटों में दुकानों को डबल स्टोरी करने का मामला फिलहाल भेल दिल्ली कारपोरेट में अटका हुआ है। लंबे समय से भेल व्यापारी महासंघ दुकानों की ऊंचाई 20 फीट किए जाने की मांग कर रहा है जबकि मौजूदा में दुकानों की ऊंचाई 16 फीट है। व्यापारी यह ऊंचाई बढ़ाकर 20 फीट करना चाहते हैं। इसे लेकर व्यापारी धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। विवाद की बढ़ती स्थिति देख भेल प्रबंधन ने मामला भेल कारपोरेट आफिस दिल्ली पर टाल दिया।
लंबे समय से भेल टाउनशिप के व्यापारी डबल स्टोरी दुकान के निर्माण की मांग कर रहे हैं। भेल प्रबंधन 16 फीट ऊंची दुकान के निर्माण की अनुमति दे रहा है जबकि दुकानों में पूर्व में ही 16 फीट ऊंचाई है। इसलिए व्यापारी 20 फीट ऊंची डबल स्टोरी की मांग कर रहे हैं। विधायक श्रीमती गौर ने भी दिल्ली जाकर व्यापारियों की मांगों का निराकरण कराने की कोशिश की । उनके दखल के बाद भेल नगर प्रशासन ने मार्केटों में व्यापारियों और लोगों की सुविधा के लिए शेड और सुलभ शौचालय का ही निर्माण कराया है।
अन्य बाजारों में भी यह कार्य चरणबद्ध रूप से किए गये। इसके लिए भी व्यापारी लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे थे। इधर भेल की मानें तो दुकानों की ऊंचाई बढ़ाने का मामले में दिल्ली कारपोरेट आफिस से निर्णय होगा। कारपोरेट को इस मामले में अवगत करा दिया गया है। इधर भेल व्यापारी महासंघ और राजनेताओं के बीच व्यापारियों का मामला लंबे समय से लंबित है। इसका कारण नेताओं में आपस में तालमेल की कमी का होना बताया जा रहा है। मार्केटों में विकास कार्य नहीं हो पाने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
