भोपाल। शहर के गौतम नगर और शाहजहानाबाद इलाकों में चोरी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पाइप फैक्ट्री को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया, वहीं एक अन्य घटना में बदमाशों ने बैंड बजाने वाले कलाकारों के साजो-सामान की चोरी कर ली।
गौतम नगर: लोडिंग ऑटो में आए नकाबपोश चोर
गौतम नगर थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ‘हरियांश ट्यूब-पाइप’ फैक्ट्री में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने फैक्ट्री का ताला तोड़ा और भीतर घुसकर कीमती ब्रास पाइप व अन्य महंगा सामान बटोर लिया। पुलिस के अनुसार, चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को फैक्ट्री और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में एक लोडिंग ऑटो नजर आया है, जिसमें दो नकाबपोश युवक सामान लादते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर हुलिए और ऑटो नंबर की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शाहजहानाबाद: रिहर्सल के दौरान बाजे चोरी
चोरी की दूसरी घटना शाहजहानाबाद इलाके के संजय नगर पहाड़ी की है। यहाँ एक बैंड संचालक अपने कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम की रिहर्सल कर रहा था। सोमवार शाम को सभी कर्मचारी अपना सामान और बाजे एक स्थान पर रखकर नीचे चाय पीने चले गए। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने कीमती बाजों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
