जैतो (फरीदकोट)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को जैतो शहर में लगभग 31 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था और धार्मिक भावनाओं से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाते हुए संकेत दिए कि पंजाब सरकार जल्द ही बेअदबी के मामलों में उम्रकैद की सजा का प्रावधान करने जा रही है।
बेअदबी कानून के लिए 13 अप्रैल को विशेष सत्र
मुख्यमंत्री ने बरगाड़ी बेअदबी कांड और गोलीकांड की घटनाओं का जिक्र करते हुए बादल परिवार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने घोषणा की कि बेअदबी के आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए 13 अप्रैल को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। सीएम मान ने संकेत दिए कि नया कानून ऐसा होगा जिसमें दोषियों को उम्रकैद की सजा मिलेगी और कम से कम एक साल तक जमानत का कोई प्रावधान नहीं होगा।
बादल परिवार और पारंपरिक पार्टियों पर प्रहार
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल को अपनी नीतियों पर आत्ममंथन करने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने पंजाब के व्यापार पर कब्जा कर जनता का नुकसान किया। मान ने कहा, “2022 में जनता ने पारंपरिक पार्टियों को नकार कर आम आदमी पार्टी को मौका दिया था। हमने अपने कार्यकाल में चुनाव से पहले दी गई सभी गारंटियां पूरी की हैं और राज्य को ‘रंगला पंजाब’ बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।”
