भोपाल
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र में युवतियों पर हमला कर दहशत फैलाने वाले कथित “कटर मैन” बदमाश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को सोमवार को सम्मानित किया। इस कार्रवाई में पिपलानी, अयोध्या नगर, गोविंदपुरा और अवधपुरी थानों की पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सम्मान समारोह के दौरान राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने पुलिस के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सुरक्षित, सशक्त और भरोसेमंद छवि समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज में घट रही गंभीर घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है तथा इसमें सहयोग करना स्थानीय नागरिकों का नैतिक दायित्व है। राज्यमंत्री ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई से जनता का विश्वास मजबूत होता है और अपराधियों में कानून का भय पैदा होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस आगे भी इसी तरह अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभाती रहेगी।
Read Also :- दादाजी धाम में संत श्री गजानन महाराज का 148वाँ प्राकट्य दिवस श्रद्धा-भक्ति से संपन्न
