भोपाल। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ‘ज्वाइन इंडियन आर्मी’ की वेबसाइट पर पंजीकृत अभ्यर्थियों की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) आगामी 1 जून से शुरू होने जा रही है। यह परीक्षा 12 जून तक भोपाल के दो चुनिंदा परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के लिए हर रोज चार शिफ्टों में परीक्षा ली जाएगी।
इस साल भर्ती प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव किया गया है, जिसके तहत अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर (टेक्निकल) के पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर ही आयोजित होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड 15 मई से ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जहां से अभ्यर्थी इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के अनुसार, परीक्षा के सफल संचालन के लिए शहर में दो केंद्र बनाए गए हैं।
पहला केंद्र आईओएन डिजिटल जोन (आईडीजेड) प्रेस्टीज जयराम एजुकेशन सोसायटी, कोकता बायपास रायसेन रोड और दूसरा केंद्र आईओएन डिजिटल जोन (आईडीजेड) आरजीपीएम सनखेड़ी, दानिशकुंज कोलार रोड पर स्थित है। सभी अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट अनिवार्य रूप से साथ लाएं और उसमें दर्ज सभी नियमों व समय का कड़ाई से पालन करें।
भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और सिलेक्शन केवल मेरिट (योग्यता) के आधार पर होगा। इसके साथ ही सेना ने अभ्यर्थियों को दलालों और धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहने की हिदायत दी है। किसी भी प्रकार की सहायता या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में भोपाल सेना भर्ती कार्यालय के टेलीफोन नंबर 0755-2540954 और 9039018588 पर संपर्क कर सकते हैं।
