भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 68 में शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाकर अवैध निर्माण करने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहाँ नरेला से निजामुद्दीन जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित बोनाफाइड स्कूल के सामने और भवानी धाम फेस-2 से लगे सुनीता टावर के समीप कथित रूप से शासकीय फुटपाथ को तोड़कर अवैध पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। सार्वजनिक उपयोग के फुटपाथ को हटाकर निजी हितों के लिए की जा रही इस मनमानी पर क्षेत्रीय रहवासियों और भवानी धाम फेस-2 समिति के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से तत्काल जांच और कार्यवाही की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे स्थित लगभग 12 से 15 दुकानों के सामने नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा पैदल यात्रियों के लिए पक्के शासकीय फुटपाथ का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि एक निजी बिल्डर द्वारा दुकानदारों को वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रातों-रात जेसीबी मशीनों की सहायता से इस पक्के फुटपाथ को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि व्यस्त मुख्य मार्ग पर फुटपाथ तोड़े जाने से अब पैदल चलने वाले राहगीरों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा दांव पर लग गई है, जिससे भविष्य में यहाँ गंभीर यातायात दुर्घटनाएं होने की आशंका बढ़ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भवानी धाम फेस-2 समिति के सदस्यों ने वार्ड 68 की पार्षद उर्मिला मौर्य सहित नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मौखिक शिकायत दर्ज कराकर हस्तक्षेप की मांग की है। रहवासियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि इस निर्माण कार्य के लिए प्रशासन से कोई वैधानिक अनुमति नहीं ली गई है, तो इसे तुरंत रुकवाया जाए। साथ ही शासकीय संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचाने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए और फुटपाथ को दोबारा पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।
