भोपाल। राजधानी में प्रेम प्रसंग में विफलता के चलते युवाओं द्वारा आत्महत्या करने के मामले डराने वाली रफ़्तार से बढ़ रहे हैं। ताज़ा मामला टीटी नगर इलाके का है, जहाँ एक बीटेक छात्र ने प्यार में मिली निराशा के बाद ज़हर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पिछले तीन दिनों में शहर में इस तरह की यह दूसरी बड़ी घटना है।
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव दोहरे के अनुसार, अर्जुन नगर निवासी 20 वर्षीय हिमांशु लोवंशी TIT कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात हिमांशु ने अपने दोस्तों को फोन कर बताया कि उसने ज़हर खा लिया है। घबराए हुए दोस्त और परिजन उसे ढूंढते हुए नर्मदा अस्पताल पहुँचे, जहाँ उसका उपचार शुरू किया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार तड़के हिमांशु ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, हिमांशु प्रेम प्रसंग के चलते गहरे तनाव (डिप्रेशन) में था। इससे पहले कोलार इलाके में भी तीन दिन पूर्व एक युवती ने प्रेम प्रसंग में हताशा के चलते फांसी लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने हिमांशु का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स व चैट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
