भोपाल।
बैतूल जिले में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने करीब 9 करोड़ 84 लाख रुपये की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा किया है। यह ठगी बेहद संगठित तरीके से की गई थी, जिसमें तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की ट्रैकिंग, डिजिटल फोरेंसिक और लगातार मॉनिटरिंग के जरिए पुलिस ने पूरे नेटवर्क का पता लगाया। पुलिस के अनुसार पीड़ित व्यक्ति के खाते से लगातार करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन हो रहा था। उसने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक वर्धित जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कस्तूरा जोशी ने साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की टीम को जांच में लगाया।
जांच में सामने आया कि जून 2025 से अब तक पीड़ित के खाते से लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये के अनधिकृत ट्रांजेक्शन हुए थे। विस्तृत जांच में पता चला कि यह एक संगठित साइबर लूट का मामला है, जिसमें विभिन्न बैंक खातों के जरिए रकम को अलग-अलग व्यक्तियों तक पहुंचाया गया था। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि एक ही बैंक के 7 अलग-अलग खातों में यह राशि पहुंचाई जा रही थी। आरोपी गिरोह द्वारा बनाए गए इन फर्जी खातों में करीब 9 करोड़ 84 लाख 95 हजार 212 रुपये की हेराफेरी की गई थी। पुलिस ने इस बड़े साइबर फर्जीवाड़े को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई तेज कर दी है और संबंधित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
